जमुई साइबर डीएसपी ने साइबर फ्रॉड से बचाव की दी जानकारी, महिलाओं को किया जागरूक
लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध और इससे बचाव को लेकर शनिवार की दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित सामाजिक विकास कार्यक्रम में जमुई के साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार ने महिलाओं को साइबर फ्रॉड से बचने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी, बैंक खाते और एटीएम संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से समय पर ऋण चुकाने, वित्तीय अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार के लालच में आकर साइबर ठगों के झांसे में नहीं आने की अपील की।
जिले में ग्रामीण कोटा की ओर से आयोजित सामाजिक विकास कार्यक्रम में जिले के कई गांवों से करीब 300 महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान महिलाओं को अपना क्रेडिट स्कोर बेहतर रखने, आवश्यकता से अधिक ऋण नहीं लेने और वित्तीय योजनाओं का सोच-समझकर उपयोग करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में इस वर्ष दसवीं बोर्ड परीक्षा में 82 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले चार मेधावी स्टूडेंट मानसी कुमारी, रिचा कुमारी, प्रियांशु कुमारी और रिशु रंजन को 10-10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति, प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रदान किया गया। साइबर डीएसपी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रामीण कोटा के डिविजनल मैनेजर विशाल कुमार सिंह एवं एरिया मैनेजर विकास कुमार ने की। जोनल मैनेजर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड महिलाओं के स्वयं सहायता समूह बनाकर उन्हें स्वरोजगार और व्यवसाय के लिए प्रशिक्षित करती है तथा जरूरत के अनुसार ऋण उपलब्ध कराती है। उन्होंने बताया कि संस्था सामाजिक विकास कार्यक्रम के तहत समय-समय पर बाढ़ राहत सामग्री, विद्यालयों में छात्रवृत्ति, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए कुर्सियां तथा स्वास्थ्य केंद्रों में बेड सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराती रही है। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। #jamuibihar #jamuitopnews #cyberdsp #jamuidistrict #jagrukta
Jamui, Jamui | Jul 6, 2026