रतनगढ़ में ऑयल की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, दुकानदार ने बताया करीब 25 लाख रुपये का नुकसान; विधायक ओमप्रकाश सकलेचा सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
नीमच।रतनगढ़ नगर में मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे उमेश पाटीदार की ऑयल की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के समय दुकान बंद थी। आग की सूचना पड़ोसियों ने फोन के माध्यम से दुकान मालिक को दी।सूचना मिलते ही दुकान के प्रोपराइटर उमेश पाटीदार मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग ने दुकान में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया था। आग इतनी भीषण थी कि दुकान का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
घटना की सूचना पर रतनगढ़ एवं डिकेन की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान मालिक के अनुसार, आगजनी की इस घटना में करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, नायब तहसीलदार एवं थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
दुकान में आग लगने की घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
#Neemuch #Ratangarh #FireIncident #NeemuchNews #रत्नगढ़ #नीमच_समाचार #आगजनी #ओमप्रकाश_सकलेचा #BreakingNews #MadhyaPradeshNews #ManishJolania
Shahnagar, Panna | Oct 29, 2026