नीति आयोग के आकांक्षी जिला एवं ब्लॉक कार्यक्रम की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न
*कटिहार के विकास कार्यों में उल्लेखनीय प्रगतिः मनिहारी ब्लॉक पूर्वी भारत में प्रथम और कुरसेला राज्य में अव्वल*
कटिहार, 16 जुलाई, 2026: गुरुवार।
भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त सचिव सह कटिहार जिले के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी (CPO) श्री राहुल सिंह, IAS की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभाकक्ष में नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम (ADP) एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम (ABP) की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी , कटिहार आशुतोष द्विवेदी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं नीति आयोग के प्रतिनिधि उपस्थित रहें।
समीक्षा बैठक के दौरान केंद्रीय प्रभारी अधिकारी श्री राहुल सिंह ने जिले के विभिन्न विकास संकेतकों (KPIs) में हुए सुधारों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों के बल पर कटिहार ने आकांक्षी जिला डेल्टा रैंकिंग (मार्च 2026) में उत्कृष्ट सुधार प्रदर्शित किया है, जिसके तहत जिले का समग्र स्कोर (Composite Score) बढ़कर 61.2 हो गया है और कटिहार ने देश में 40 वां स्थान प्राप्त किया है।
| *बैठक के मुख्य बिंदु और विभागीय उपलब्धियांः*
*स्वास्थ्य एवं पोषण (Health & Nutrition* ):
जिले में स्वास्थ्य संकेतकों में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। प्रथम त्रैमासिक में गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण (ANC within 1st Trimester) बढ़कर 99.18% हो गया है, जो वर्ष 2018 में मात्र 66.92% था। इसके अतिरिक्त, बाढ़ प्रभावित और दियारा (नदीय) क्षेत्रों में मानसून के दौरान नावों (Water Boats) के माध्यम से टीकाकरण एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना एक अत्यंत सराहनीय और अभिनव पहल रही है। जिले में गंभीर रूप से कुपोषित (SAM) बच्चों की दर घटकर अब मात्र 0.80% रह गई है।
*शिक्षा क्षेत्र (Education):*
प्राथमिक से उच्च प्राथमिक विद्यालय स्तर पर बच्चों की संक्रमण दर (Transition Rate) में सुधार हुआ है और यह बढ़कर 79.48% हो गई है, जबकि उच्च प्राथमिक से माध्यमिक स्तर पर यह 74.48% तक पहुंच गई है। जिले के सभी 259 माध्यमिक और उच्च माध्यमिक सरकारी विद्यालयों में 'स्मार्ट क्लासेस' का सफल संचालन किया जा रहा है। बच्चों को आकर्षित करने के लिए स्कूलों में बाला पेंटिंग (BALA Painting) और ई-शिक्षकोश पोर्टल के माध्यम से नियमित छात्र ट्रैकिंग की जा रही है।
*कृषि एवं जल संसाधन (Agriculture & Water Resources* ):
कटिहार जिले में कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देते हुए ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी और जैविक कॉरिडोर के तहत खीरे की खेती जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों (High Value Crops) को प्रोत्साहित किया जा रहा है। 'जल जीवन हरियाली' अभियान के तहत मनरेगा के माध्यम से जिले में अब तक 1,230 जल निकायों का जीर्णोद्धार किया जा चुका है और 75 'अमृत सरोवरों' का सुंदर निर्माण किया गया है।
*वित्तीय समावेशन एवं बुनियादी ढांचाः*
मुद्रा ऋण वितरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है, जो प्रति 1 लाख आबादी पर 162 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत प्रति लाख आबादी पर 60,585 खाते खोले जा चुके हैं। बुनियादी ढांचे के तहत जिले के 100% ग्राम पंचायतों को इंटरनेट कनेक्टिविटी (Bharat Net) से जोड़ा जा चुका है और जल जीवन मिशन के तहत शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 3,891 आयरन रिमूवल प्लांट (IRP) स्थापित किए गए हैं।
*आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम (ABP) के तहत ऐतिहासिक उपलब्धियां*
*मनिहारी ब्लॉक - पूर्वी भारत में प्रथमः*
*नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम (ABP) रैंकिंग में कटिहार जिले के मनिहारी ब्लॉक ने पूर्वी क्षेत्र (Eastern Zone) में प्रथम रैंक हासिल कर पूरे देश में जिले का गौरव बढ़ाया है।*
*कुरसेला ब्लॉक - बिहार राज्य में अव्वलः*
*'सम्पूर्णता अभियान' के तहत निर्धारित सभी 6 प्रमुख संकेतकों (KPIs) में शत्-प्रतिशत संतृप्ति (100% Saturation) हासिल कर कुरसेला ब्लॉक ने पूरे बिहार राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।*
*| स्वीकृत और आगामी महत्वाकांक्षी परियोजनाएंः*
बैठक में नीति आयोग से स्वीकृत अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इनमें मनिहारी ब्लॉक में 77.94 लाख रुपये की लागत से खेल परिसर (Sports Complex) का विकास, मनिहारी अनुमंडल अस्पताल में 72.03 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक मॉड्यूलर ओटी (Modular OT) की स्थापना, और जिले में 'रोबोशाला' (RoboShala) व डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना शामिल हैं।
*| केंद्रीय प्रभारी अधिकारी के दिशा-निर्देशः*
बैठक के अंत में केंद्रीय प्रभारी अधिकारी श्री राहुल सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी क्षेत्र अभी भी शत-प्रतिशत संतृप्ति से दूर हैं, वहां विशेष अभियान चलाकर कार्य करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मोबाइल और मोटर साइकिल एम्बुलेंस सेवा की नियमितता सुनिश्चित करने, शिक्षा विभाग को ड्रॉप-आउट दर शून्य (Mission Zero Dropout) करने तथा कृषि विभाग को कृषि ड्रोन तकनीकों का अधिकतम उपयोग कर उत्पादकता बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिकारियों की यह प्रतिबद्धता कटिहार को देश के अग्रणी जिलों की श्रेणी में स्थापित करेगी।
जिला जनसम्पर्क अधिकारी, कटिहार
Information & Public Relations Department, Government of Bihar #katihar @topfans
Katihar, Bihar | Jul 16, 2026