चलती ट्रेन से चोरी का बैग लेकर उतर रहा था युवक, आरपीएफ ने दबोचा
लखीसराय। ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने कार्रवाई करते हुए हथिदह स्टेशन पर एक आदतन आरोपी को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 73 हजार रुपये नकद और करीब 2 लाख रुपये मूल्य के तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.73 लाख रुपये बताई गई है।आरपीएफ किऊल के निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार अपने जवानों के साथ यात्री सामान की चोरी रोकने के लिए किऊल से हथिदह तक गाजीपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस में मार्गरक्षण कर रहे थे। हथिदह स्टेशन पर ट्रेन रुकने से पहले एक युवक चलती ट्रेन से काले रंग का हैंडबैग लेकर उतरता दिखाई दिया।
प्लेटफॉर्म पर यात्री सुरक्षा में तैनात आरपीएफ मोकामा के निरीक्षक प्रभारी रविंद्र प्रसाद यादव व जवानों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से काले रंग के हैंडबैग में 73 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।गिरफ्तार युवक की पहचान अमित उर्फ मनीष कुमार, थाना बड़हिया, जिला लखीसराय के रूप में हुई है। आरपीएफ के अनुसार, आरोपी चोरी किए गए हैंडबैग को ट्रेन से लेकर भागने की बात स्वीकार की है। उसके पास यात्रा संबंधी टिकट भी नहीं मिला।आरपीएफ किऊल के निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर राजकीय रेल पुलिस, हथिदह में मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
Lakhisarai, Lakhisarai | Sep 14, 2026