विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज राजीव गांधी नवोदय विद्यालय स्थित वर्चुअल स्टूडियो से राज्यव्यापी "बीज बम" अभियान का शुभारंभ किया। पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय फलदार वृक्षों के संवर्धन, जैव विविधता के संरक्षण तथा वन्यजीव-मानव संघर्ष को कम करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के 1,050 से अधिक विद्यालयों में किया गया, जिसमें एक लाख से अधिक छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
बीज बम संवाद कार्यक्रम-2026 के अवसर पर डॉ. रावत ने कहा कि "बीज बम" अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि स्थानीय फलदार प्रजातियों के बीजों के माध्यम से हरित आवरण बढ़ाने के साथ-साथ वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में पर्याप्त खाद्य उपलब्ध कराने का यह अद्वितीय प्रयास, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष में भी कमी आएगी।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि प्रत्येक छात्र-छात्रा कम से कम दो बीज बम तैयार कर उन्हें उपयुक्त स्थानों पर रोपित करें तथा अपने परिवार और समाज को भी इस अभियान से जोड़ें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान जन-जन का अभियान बनेगा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावी परिणाम सामने आएंगे।
इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद सिमल्टी, बेसिक शिक्षा निदेशक कुंवर सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून गोविंद जायसवाल, हिमालय पर्यावरण जड़ी बूटी एग्रो संस्थान ”जाड़ी“ उतरकाशी के संस्थापक द्वारिका प्रसाद सेमवाल सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।