शारदीय नवरात्र व दशहरा को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध।
बारुण। आगामी शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को बारुण थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता बीडीओ नीरज कुमार एवं थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने की। बैठक में पूजा समितियों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।
बीडीओ नीरज कुमार ने कहा कि नवरात्र आस्था और पवित्रता का पर्व है। सभी लोग आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाएं। उन्होंने पूजा समितियों को पंडाल निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा और सभी पूजा समितियों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। भीड़ नियंत्रण के लिए समितियों को अपने सक्रिय कार्यकर्ताओं को पहचान पत्र देकर स्वयंसेवक के रूप में तैनात करने का निर्देश दिया गया।
प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना भी अनिवार्य किया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा सके। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर, अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों को भी चेतावनी दी। ऐसे लोगों पर साइबर सेल की नजर रहेगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
सीओ नारायण राय ने कहा कि पर्व के दौरान शांति भंग करने, हुड़दंग करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की।
बैठक में शिक्षक संघ के नेता हजारी सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि बाबुधन यादव, उपचेयरमैन सरोज यादव, वीआईपी जिला प्रभारी रंजीत चौधरी, बलवंत कुशवाहा, सतीश कुमार सिंह, राजेश रंजन, अजय चंद्र, आजाद अंसारी, महबूब आलम, देव कुमार चौधरी, उदय सिंह, केदार चौधरी, प्रभु चौधरी, रवि कुमार, अखिलेश कुमार, धर्मजीत कुमार, गोपाल निषाद, नागेंद्र सिंह, अख्तर हुसैन, मुस्ताक अहमद कादरी, रामशकल गुप्ता, अमरेश गुप्ता, अरशद शेख एवं अफरोज आलम सहित कई लोग मौजूद रहे।