'राष्ट्रीय प्रेस दिवस' के अवसर पर एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस ने दी शुभकामनाएं, पुलिस के साथ मीडिया की भूमिका पर सांझा किए विचार
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार
-पुलिस और प्रेस दोनों का ध्येय एक ही है - समाज की सेवा और सच का साथ" - एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा,आईपीएस
आज 'राष्ट्रीय प्रेस दिवस' के अवसर पर पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस ने अपने कार्यालय में जिले के सभी प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सम्मानित पत्रकारों से एक विशेष शिष्टाचार भेंट की। इस गरिमामयी अवसर पर एसपी महोदय ने सभी पत्रकार बंधुओं का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें सम्मान स्वरूप पुष्प भेंट किए और राष्ट्रीय प्रेस दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस परिचर्चा के दौरान, पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ, जागरूक और सुरक्षित समाज के निर्माण में निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता का कोई विकल्प नहीं है। पत्रकार दिन-रात विपरीत परिस्थितियों में भी जनता व पुलिस तक सही सूचनाएं पहुंचाने का जो साहसपूर्ण कार्य करते हैं, वह अत्यंत प्रशंसनीय है।
पुलिस-पब्लिक के बीच सबसे *मजबूत सेतु है मीडिया:
एसपी महोदय ने कहा कि पुलिस और प्रेस, दोनों ही समाज की भलाई, शांति-व्यवस्था कायम रखने और अपराध मुक्त वातावरण बनाने के लिए अलग-अलग मोर्चों पर काम करते हैं, लेकिन दोनों का अंतिम लक्ष्य जनसेवा ही है। उन्होंने रेवाड़ी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों— जैसे नशा मुक्ति अभियान, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता, यातायात नियमों की पालना और महिला सुरक्षा— को जन-जन तक पहुंचाने में स्थानीय मीडिया के सकारात्मक व सक्रिय सहयोग की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
उन्होंने जोर देते हुए कहा, "चाहे कोई चुनौती हो, अपराध की रोकथाम हो या कोई आपात स्थिति, मीडिया ने हमेशा पुलिस प्रशासन और आमजन के बीच एक मजबूत व विश्वसनीय सेतु का काम किया है। आपकी रचनात्मक आलोचना और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग हमें हमारी कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी तथा जनहितैषी बनाने में मदद करती है।"
पारदर्शी कार्यप्रणाली और बेहतर तालमेल का दिया आश्वासन:
इस अनौपचारिक बैठक के दौरान पत्रकारों ने भी अपने अनुभव साझा किए और फील्ड रिपोर्टिंग में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की। एसपी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने सभी पत्रकारों को आश्वस्त किया कि रेवाड़ी पुलिस की ओर से मीडिया को हमेशा त्वरित और सटीक जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि जनता तक अफवाहों के बजाय तथ्यों पर आधारित खबरें पहुंच सकें। उन्होंने रेवाड़ी पुलिस की तरफ से मीडिया कर्मियों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अंत में, पुलिस अधीक्षक महोदय ने जिले के सभी पत्रकारों और उनके परिजनों के सुखद, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आह्वान किया कि वे इसी प्रकार सत्यनिष्ठा और निडरता के साथ अपनी लेखनी के माध्यम से समाज का मार्गदर्शन करते रहें।
Rewari, Rewari | Nov 16, 2026