80वें स्वतंत्रता दिवस पर पंचकूला पुलिस का शानदार प्रदर्शन: महिला प्लाटून ने मार्च पास्ट में हासिल किया प्रथम स्थान, पुरुष प्लाटून रही दूसरे स्थान पर, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 5 पुलिसकर्मी सम्मानित
पंचकूला/ 15 अगस्त:- 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य जिला स्तरीय समारोह में पंचकूला पुलिस ने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की मिसाल पेश की। समारोह में मुख्य अतिथि हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले पंचकूला पुलिस के पांच पुलिसकर्मियों को डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह तथा डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह की उपस्थिति में सम्मानित किया।
समारोह के दौरान सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में पीएसआई प्रवीण, लेडी पीएसआई पूजा, एएसआई सतीश, एएसआई कुलदीप तथा महिला हेड कांस्टेबल मंजू शामिल रहे। इन पुलिसकर्मियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में कर्तव्य के प्रति समर्पण, मेहनत और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए सराहनीय सेवाएं प्रदान कीं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मार्च पास्ट में भी पंचकूला पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी अनुशासन और टीमवर्क की मजबूत पहचान पेश की। परेड कमांडर एसीपी विक्रम नेहरा के नेतृत्व में महिला एवं पुरुष पुलिस टुकड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और जोश के साथ मार्च पास्ट किया। जिसमें पंचकूला पुलिस की महिला प्लाटून ने प्रथम स्थान हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि पुरुष प्लाटून ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष टुकड़ी का नेतृत्व पीएसआई मनोज तथा महिला टुकड़ी की अगुवाई लेडी एएसआई शिवानी ने की।
पंचकूला पुलिस के इस शानदार प्रदर्शन पर पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने सभी पुलिसकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने महिला प्लाटून के प्रथम स्थान प्राप्त करने की विशेष सराहना करते हुए इसे नारी शक्ति का शानदार प्रदर्शन बताया। साथ ही उन्होंने पुरुष प्लाटून को भी द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर बधाई देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे गौरवपूर्ण अवसर पर पुलिसकर्मियों का अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व की बात है।