*सांवेर विधानसभा के वार्ड 35 और 36 को मिली विकास कार्यों की सौगात, मंत्री श्री सिलावट ने 19.50 करोड़ रुपये के कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण*
---
*20 हजार से अधिक नागरिकों को मिलेगा बेहतर पेयजल, सीसी रोड निर्माण से सुगम होगा आवागमन*
इंदौर, 25 सितम्बर 2026
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने शुक्रवार को निपानिया मंडल के पिपलियाकुमार एवं पंचवटी कॉलोनी में सांवेर विधानसभा क्षेत्र के नगरीय वार्ड क्रमांक 35 और 36 में लगभग 19 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ ही सड़क एवं बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। विशेष रूप से 11 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नवीन पेयजल टंकी से 14 से अधिक कॉलोनियों के 20 हजार से अधिक नागरिकों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने वार्ड क्रमांक 35 में लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत के छह विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें 11 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नवीन पेयजल टंकी का भूमिपूजन प्रमुख रूप से शामिल है। इस टंकी का निर्माण आगामी 18 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्र की 14 से अधिक कॉलोनियों में पेयजल लाइन बिछाने की योजना पर भी कार्य किया जाएगा।
इस परियोजना से पंचवटी कॉलोनी, डीबी प्राइड, सिंगापुर टाउनशिप, ड्रीम सिटी, सिंगापुर ग्रीन व्यू कॉलोनी, पंचवटी एनेक्स, तलावली चांदा, रास टाउन, सांची प्लांट डेरी सहित आसपास की अन्य कॉलोनियों के 20 हजार से अधिक रहवासियों को लाभ मिलेगा। नवीन पेयजल टंकी और पाइपलाइन के विस्तार से क्षेत्र में पेयजल उपलब्धता को बेहतर बनाने तथा नागरिकों की पेयजल संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति करने में सहायता मिलेगी।
मंत्री श्री सिलावट ने पंचवटी कॉलोनी की छह गलियों में सीसी रोड निर्माण कार्यों की भी जानकारी दी। इन सड़कों के निर्माण से स्थानीय रहवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा कॉलोनी के आंतरिक मार्गों का विकास होगा।
वार्ड क्रमांक 36 में लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से चार स्थानों पर सीसी रोड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से क्षेत्र के आंतरिक मार्गों की स्थिति में सुधार होगा और नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सांवेर विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, ड्रेनेज, नाली, स्वास्थ्य, शिक्षा, तालाब, गार्डन तथा संजीवनी क्लिनिक जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे लाखों नागरिकों को लाभ मिल रहा है।
मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि वार्ड क्रमांक 35 और 36 ने विकास के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है और यह क्षेत्र आदर्श वार्ड के रूप में पहचान बना चुका है। आने वाले समय में भी क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य श्री अभिषेक शर्मा बब्लू, श्री अजय शर्मा, पार्षद श्री राकेश सोलंकी, श्री सुरेश कुलवाड़े, मंडल अध्यक्ष श्री विपिन जागीरदार, श्री कैलाश चौहान, श्री यशवंत शर्मा, श्री बाबूलाल यादव, श्री किशोर पटेल, श्री विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
---
#JansamparkMP #indore #इंदौर #Sanwer #Development
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Tulsi Silawat
16 views | Indore, Madhya Pradesh | Sep 26, 2026