मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत इंदरगढ़ में जनकल्याण शिविर आयोजित
मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश
9 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे तिरंगा अभियान में सभी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और इसे सफल बनाएं — श्री कुशवाह
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचे, क्षेत्र भ्रमण कर सभी अधिकारी लोगों से जनसंवाद करें
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आज शुक्रवार को नगर परिषद इंदरगढ़ परिसर में जनकल्याण शिविर एवं उद्यम संवाद का आयोजन किया गया। शिविर में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग के मंत्री श्री Narayan Singh Kushwah ने सहभागिता करते हुए आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 160 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों द्वारा अनेक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के कुशल नेतृत्व में 7 अगस्त से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को जन-जन के द्वार तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा व्यापक स्तर पर जनसंवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत सभी विभागों के अधिकारी क्षेत्रवार भ्रमण कर ब्लॉक एवं वार्ड स्तर तक पहुंचेंगे। शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। भूमि संबंधी मामलों के निराकरण के साथ आंगनवाड़ियों में पोषण आहार की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था, विद्यालयों में विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं तथा शिक्षकों की समय पर उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की भी समीक्षा की जाएगी।
मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि प्रत्येक जनकल्याण शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को शासन की योजनाओं से जोड़ना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। यदि किसी पात्र हितग्राही को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है तो संबंधित अधिकारी को जानकारी देकर उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं समाजसेवियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का आह्वान किया।
आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए शासन द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के लिए ऋण एवं सब्सिडी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में भी उद्योग स्थापित करने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने युवाओं से आगे आकर इन योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
उद्यम संवाद में युवाओं को मिली योजनाओं की जानकारी
जनकल्याण शिविर के अंतर्गत आयोजित उद्यम संवाद में उद्योग स्थापना के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर मंत्री श्री कुशवाह ने शासन की सहायता से चार लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर मोबाइल दुकान स्थापित करने वाले श्री मनीष कुमार योगी को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया। श्री योगी ने अपने उद्यम की जानकारी साझा करते हुए अन्य युवाओं से भी स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
मंत्री श्री कुशवाह ने स्वयं का उद्योग स्थापित करने के लिए श्री प्रिंस सावला को 80 लाख रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आज युवा स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर न केवल आत्मनिर्भर बन रहे हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे रहे हैं। इस दौरान पेंशन योजना के अंतर्गत श्री उत्तम कोरी को पेंशन स्वीकृति पत्र भी प्रदान किया गया।
मंत्री श्री कुशवाह ने विधायक निधि से श्री कुलदीप को लकवा की समस्या के उपचार एवं भरण-पोषण के लिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन की अन्य योजनाओं के माध्यम से भी उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
तिरंगा यात्रा में सहभागिता का आह्वान
मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि 9 अगस्त से 17 अगस्त तक प्रदेशभर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से तिरंगा यात्रा में सक्रिय सहभागिता कर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के रूप में स्मरण किया जाता है। यह दिवस हमें देश के विभाजन के दौरान हुई पीड़ा, विस्थापन और अपार मानवीय त्रासदी को याद करने का अवसर देता है। हमें उन सभी लोगों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम एवं संगोष्ठियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भी सभी से सहभागिता का आह्वान किया और कहा कि इंदरगढ़ में भी यह कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया जाएगा।
अंतिम छोर तक पहुंचे योजनाओं का लाभ — विधायक श्री अग्रवाल
विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से अंतिम छोर तक लोगों को शासन की योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करना अभियान की प्राथमिकता है।
उन्होंने युवाओं से वर्ष 2047 के विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि कृषि को भी व्यवसाय के रूप में अपनाकर आधुनिक एवं उन्नत तकनीक का उपयोग किया जाए।
निर्माणाधीन रेस्ट हाउस का किया निरीक्षण
जनकल्याण शिविर के उपरांत मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने इंदरगढ़ में निर्माणाधीन रेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को रेस्ट हाउस का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन घर-घर तक पहुंचकर आमजन की समस्याओं का निराकरण कर रहा है तथा पात्र लोगों को शासन की योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान सेवढ़ा विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल, कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े, पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षय कुमार तेमरवाल एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#cmmadhyapardesh #JansamparkMP #datia #दतिया
46 views | Datia, Madhya Pradesh | Aug 14, 2026