*DM व SP ने UPTET परीक्षा केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं
*जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 03 जुलाई 2026:*
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) 2026 की द्वितीय पाली को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ए.पी.एन.पी.जी. कॉलेज व बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वारों, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, स्ट्रांग रूम, सुरक्षा प्रबंधों तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने केन्द्र व्यवस्थापकों एवं कक्ष निरीक्षकों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केन्द्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण के समय संबंधित अधिकारी व केन्द्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।
*संवाददाता हरि ओम प्रकाश, *
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक दैनिक कैटिल्य का भारत
Basti, Basti | Jul 3, 2026