10 अगस्त को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, जालौन में 8.37 लाख से अधिक एल्बेंडाजोल टैबलेट उपलब्ध
सीएमओ डॉ. एच.एन. प्रसाद की अध्यक्षता में हुई अभिमुखीकरण बैठक, 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों और किशोरों को निःशुल्क दवा खिलाने की तैयारियां पूरी
जितेंद्र गुप्ता ✍️। जालौन
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एन. प्रसाद की अध्यक्षता में अभिमुखीकरण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोरों को कृमि (पेट के कीड़ों) के संक्रमण से मुक्त करने के लिए संचालित अभियान की विस्तृत कार्ययोजना, एल्बेंडाजोल टैबलेट वितरण, विभागीय दायित्वों तथा आपसी समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि कृमि संक्रमण बच्चों में कुपोषण, एनीमिया तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधा का प्रमुख कारण है। समय पर एल्बेंडाजोल (Albendazole) टैबलेट का सेवन कराकर इस समस्या से बचाव किया जा सकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान के दौरान सरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से लक्षित आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे तक दवा पहुंचाई जाए।
अभिमुखीकरण बैठक में शिक्षा विभाग एवं आईसीडीएस (ICDS) विभाग के अधिकारियों को उनके दायित्वों और उत्तरदायित्वों से अवगत कराया गया। साथ ही कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, माइक्रोप्लान, दवा प्रबंधन, रिपोर्टिंग एवं निगरानी व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एन. प्रसाद ने बताया कि जनपद के लक्ष्य के अनुरूप सभी ब्लॉक पीएचसी/सीएचसी को 8,37,100 एल्बेंडाजोल टैबलेट उपलब्ध करा दी गई हैं। सभी विभागों के समन्वय से सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को ब्लॉक पीएचसी/सीएचसी से दवा प्राप्त कराकर अभियान को सफल बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 10 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। वहीं जो बच्चे किसी कारणवश इस दिन दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 14 अगस्त 2026 को आयोजित मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल टैबलेट खिलाई जाएगी। सभी अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को यह निःशुल्क दवा अवश्य दिलवाएं, ताकि उन्हें पेट के कीड़ों से होने वाली बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।
#orai #jalaun #Cmojalaun #Albendazole
#NationalDewormingDay #10August #हेल्थ
Orai, Jalaun | Aug 7, 2026