चलती कार बनी आग का गोला, नेहरू गार्डन के पास मची अफरा-तफरी
कोटा। स्टेशन रोड स्थित नेहरू गार्डन के पास शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। दूर-दूर तक उठती लपटों और धुएं के गुबार से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सड़क पर चल रही थी तभी उसके इंजन से धुआं निकलना शुरू हुआ। चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत कार को सड़क किनारे रोककर बाहर निकल गया। चालक के बाहर निकलते ही आग तेजी से फैल गई और पूरी कार आग की लपटों में घिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक आशंका है कि कार में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण आग लगी हो सकती है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
Ladpura, Kota | Jun 12, 2026