जयपुर में रितु बराला मारपीट मामले में जीरो एफआईआर दर्ज नहीं होने पर कांग्रेस नेताओं ने करीब 42 घंटे बाद कमिश्नरेट कार्यालय से धरना समाप्त कर दिया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि पुलिस कमिश्नर ने एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया है, इसलिए अब वे कोर्ट जाएंगे। उन्होंने दिल्ली पुलिस के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने की बात कही।
जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे कमिश्नरेट में धरना दे रहे कांग्रेस नेताओं से मिलने पहुंचे। उन्होंने कमरा नंबर 9 में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और अन्य नेताओं से बातचीत की। इसके बाद करीब 12:30 बजे पुलिस कमिश्नर ने डोटासरा को एक पत्र सौंपा, जिसमें जीरो एफआईआर दर्ज नहीं करने के कारण बताए गए।
पत्र मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने धरना समाप्त कर दिया। बाहर निकलने के दौरान कार्यकर्ताओं ने डोटासरा के समर्थन में नारे लगाए, लेकिन उन्होंने कार्यकर्ताओं को रोककर केवल राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाने को कहा। अब कांग्रेस नेताओं ने न्यायालय का रुख करने की बात कही है।