*बस्ती में यूजीसी रेगुलेशन 2026 के खिलाफ अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू* जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 06 अक्टूबर 2026
*बस्ती।* यूजीसी रेगुलेशन 2026 को वापस लेने की मांग को लेकर बस्ती में भी आंदोलन तेज हो गया है। मेधा पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता दीनदयाल तिवारी और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुनील भट्ट के नेतृत्व में 24 अगस्त 2026 से बस्ती विकास प्राधिकरण स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष रोल बैक सत्याग्रह धरना शुरू किया गया है।
यह धरना अनिश्चितकालीन है और प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। पोस्टर जारी कर प्रतिदिन समर्थन की अपील की गई है।
बता दें कि यूजीसी द्वारा जारी इक्विटी रेगुलेशन 2026 को लेकर देश भर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। जनवरी 2026 में नोटिफिकेशन के बाद से ही छात्र संगठनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इसे भेदभावपूर्ण बताते हुए रोल बैक की मांग की है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 29 जनवरी को 2026 के रेगुलेशन पर रोक लगाते हुए 2012 के पुराने नियमों को लागू रखने का आदेश दिया था, फिर भी केंद्र सरकार द्वारा इस पर पुनर्विचार की बात कही गई है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नए प्रावधानों का दुरुपयोग हो सकता है और इसमें झूठी शिकायतों के खिलाफ पर्याप्त सुरक्षा नहीं है। इसी को लेकर आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे जाम, दिल्ली में जंतर-मंतर पर महापंचायत तक की कोशिशें हुई हैं।
बस्ती में चल रहे इस सत्याग्रह को लेकर दीनदयाल तिवारी ने कहा कि जब तक यूजीसी इस काले कानून को पूरी तरह वापस नहीं लेती, तब तक गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण धरना जारी रहेगा। उन्होंने सभी छात्र, युवा, अभिभावक और सामाजिक संगठनों से प्रतिदिन पहुंचकर समर्थन देने की अपील की है।
Basti, Basti | Oct 6, 2026