महागामा थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार।
महागामा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और चांदी की चेन छीनने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों में से एक के घर से पीड़िता की छीनी गई चांदी की चेन भी बरामद की है। मामले में महागामा थाना कांड संख्या 186/2026, 22 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात की है। पाकुड़ जिले की रहने वाली एक नाबालिग लड़की अपनी मौसी के घर आई हुई थी।
उर्जानगर मेला घूमने के बाद वह अपने दो रिश्तेदारों के साथ वापस मौसी के घर जा रही थी।
इसी दौरान जियाजोरी जंगल के समीप पांच से छह व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया और उसके गले से चांदी की चेन छीन ली गई।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई विशेष टीम।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा वरुण रजक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्तता के आरोप में पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मोहसिन अंसारी के घर से पीड़िता की छीनी गई चांदी की चेन बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई गई है:
मोहसिन अंसारी उम्र 22 वर्ष, पिता- नूर मोहम्मद अंसारी,
जहूर अंसारी उम्र 27 वर्ष, पिता- साबेद अंसारी,
अवाज अंसारी उम्र 19 वर्ष, पिता हकानी अंसारी,
मोतीम अंसारी उम्र 19 वर्ष, पिता- इस्लाम अंसारी,
परवेज अंसारी उम्र 20 वर्ष, पिता जलालुद्दीन अंसारी,
उक्त सभी आरोपी महागामा थाना क्षेत्र, जियाजोरी, जिला गोड्डा के निवासी बताए गए है।
कार्रवाई में महागामा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र कुमार महतो, महागामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद, ललमटिया थाना प्रभारी रौशन सिंह समेत महागामा थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी, सहायक अवर निरीक्षक एवं थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।
#mahagama #गोड्डा #Lalmatia
Boarijor, Godda | Oct 29, 2026