सागर जिले में शराब के नमूनों की जांच, कलेक्टर के निर्देश पर
══════════════════════
बंडा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
════════════════
कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर जिले में आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सागर जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह द्वारा शराब के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बंडा क्षेत्र में स्थित तीन प्रमुख मदिरा दुकानों का निरीक्षण कर ‘देशी मदिरा मसाला’ (180 एमएल पेट बॉटल) के नमूने संकलित किए। पहली कार्रवाई बस स्टैंड, बंडा स्थित मदिरा दुकान पर की गई, जबकि दूसरी कार्रवाई जमुनिया तथा तीसरी कार्यवाही सागर-छतरपुर फोरलेन रोड, बंडा स्थित दुकान पर की गई। तीनों दुकानों के लाइसेंसधारी जंडेल सिंह गुर्जर हैं।
कार्रवाई के दौरान प्रत्येक दुकान से परीक्षण हेतु देशी मदिरा मसाला की 180 एमएल की 16-16 बोतलें नमूने के रूप में सीलबंद की गईं। यह मदिरा ग्राम मेहर, झांसी रोड, सागर स्थित मेसर्स डीसीआर डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित एवं बॉटल की गई है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों के तहत फॉर्म-VA के माध्यम से संबंधित लाइसेंसधारी,u दुकान संचालकों तथा निर्माता कंपनी को विधिवत नोटिस जारी किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि संकलित किए गए सभी नमूनों को गुणवत्ता और मानकों की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात यदि नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो संबंधितों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में मिलावटखोरी और अमानक खाद्य व पेय पदार्थों की बिक्री के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
#sagar #JansamparkMP
Sagar, Madhya Pradesh | Nov 20, 2026