श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक, बांका ने संयुक्त रूप से दुम्मा बॉर्डर से जिला नियंत्रण कक्ष, कटोरिया तक कच्ची कांवरिया पथ एवं विभिन्न संरचनाओं का स्थल निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दुम्मा बॉर्डर के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रवेश द्वार को आकर्षक स्वरूप देने का निर्देश दिया। अस्थायी थाना भवन में कराए गए रंग-रोगन कार्य का निरीक्षण करते हुए थाना परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण द्वारा संचालित शौचालय एवं स्नानागारों के रंग-रोगन का कार्य पूर्ण होने तथा शेष कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी गई। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि सभी कार्य 22 जुलाई तक पूर्ण कर लिए जाएंगे।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रतिदिन अपने-अपने क्षेत्र का निरीक्षण कर सभी विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों का प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि कांवरिया श्रद्धालुओं को पर्यटन स्थलों, सरकारी धर्मशालाओं एवं अन्य उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी साइनेज एवं सूचना पट्टों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए, ताकि श्रद्धालु सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।
प्रभारी पदाधिकारी पर्यटन शाखा को कांवरिया मार्ग पर स्थापित सभी बेंच एवं कावर स्टैंड का रंग-रोगन, सुव्यवस्थित सजावट तथा उनकी नंबरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सभी सार्वजनिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों का चिन्हांकन कर वहां लगाए जाने वाले साइनेज की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।
गोरियारी सरकारी धर्मशाला के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रंग-रोगन का कार्य पूर्ण हो चुका है। जिला पदाधिकारी ने धर्मशाला में सभी आवश्यक सुविधाएं एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। श्रावणी मेला के दौरान पुल के समीप विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल को एक कनीय अभियंता एवं एक सहायक अभियंता की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश भी दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस उपाधीक्षक को नदी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने, किसी भी प्रकार की दुर्घटना की रोकथाम हेतु सभी आवश्यक कदम उठाने निर्देशित किया गया।साथ ही उनके द्वारा पुलिस उपाधीक्षक(ट्रैफिक) को निदेशित किया कि जिला परिवहन पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर नो पार्किंग जोन भी चिन्हित करें तथा उचित पार्किंग स्थल जाने के लिए साइनेज भी लगवाएं ताकि जाम की स्थिति न बने।
जिला पदाधिकारी द्वारा नदी क्षेत्रों में पुल के पास एसडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
सरकारी धर्मशाला हरखार सहित अन्य धर्मशालाओं में जीविका दीदी की रसोई की व्यवस्था सुनिश्चित करने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा सभी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन एवं संपर्क नंबर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
गोरियारी नदी के समीप प्रस्तावित टेंट सिटी का निरीक्षण करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि टेंट सिटी में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए।
भूल-भुलैया के समीप पथ प्रमंडल द्वारा निर्मित पुलिया के नीचे दोनों ओर जलजमाव पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने तीन दिनों के भीतर सफाई कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना अध्यक्ष को सफाई कार्य की जानकारी तीन दिन बाद उपलब्ध कराने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने कांवरिया पथ के सुनसान स्थलों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही चांदन अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष को मार्ग में जहां जहां अतिक्रमण है उसे हटाने हेतु निर्देशित किया गया ।
इनारावरण सरकारी धर्मशाला के दुर पार्किंग व्यवस्था होने पर जिला पदाधिकारी द्वारा धर्मशाला के पास निकटवर्ती भूमि चिन्हित कर पार्किंग हेतु निर्देश किया गया।
जिला नियंत्रण कक्ष, कटोरिया के निरीक्षण के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत के प्रवेश द्वार को आकर्षक स्वरूप देने, सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा एक आकर्षक सेल्फी प्वाइंट का निर्माण कराने का निर्देश दिया, ताकि श्रावणी मेला के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
132 views | Banka, Bihar | Jul 11, 2026