जिला मुरैना में तंबाकू उत्पादों के नमूना संग्रहण की कार्रवाई संपन्न।
मुरैना। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला मुरैना में तंबाकू उत्पादों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों की जांच के लिए संयुक्त समिति द्वारा विभिन्न तंबाकू उत्पादों के नमूने एकत्रित किए गए।
समिति में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) श्री एस.पी. श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अविनाश गुप्ता तथा राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉ. नवनीत तोमर शामिल रहे।
संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न वितरकों एवं खुदरा विक्रेताओं के यहां पहुंचकर धूम्रपानयुक्त एवं धूम्रपान रहित तंबाकू उत्पादों के नमूने लिए। इस दौरान जीवाजीगंज स्थित मुकेश एंटरप्राइजेज, राम प्रकाश एंड ब्रदर्स, संतोष पान भंडार, रामेश्वर दयाल चंचोबन एवं गणेश जनरल स्टोर सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
धूम्रपान रहित तंबाकू उत्पादों में 5 नंबर, एसआरटी-1000, जाफरानी जर्दा 10 नंबर तथा हुक्का तंबाकू के नमूने लिए गए। वहीं धूम्रपानयुक्त उत्पादों में गोविंद बीड़ी, गोल्ड विंटेज फिल्टर सिगरेट, फ्लेक लिबर्टी और फ्लेक पावरप्ले के नमूने एकत्रित किए गए।
संग्रहित सभी नमूनों को परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए नेशनल टोबैको टेस्टिंग लेबोरेटरी, मुंबई भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य तंबाकू उत्पादों की गुणवत्ता की निगरानी, उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा तथा तंबाकू नियंत्रण संबंधी प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। विभाग ने आमजन से तंबाकू सेवन से दूर रहकर स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील की ।