द्वारिकापुरी कॉलोनी को मिलेगी मजबूत सड़क की सौगात, 49.05 लाख के विकास कार्यों का मेयर ने किया शिलान्यास
अंबाला रोड से सहगल ट्रेडिंग कंपनी तक सड़क होगी मजबूत, नाला निर्माण के लिए बिछेगी एनपी-2 पाइप लाइन
यमुनानगर। शहर के वार्ड नंबर-1 की द्वारिकापुरी कॉलोनी के निवासियों को जल्द ही बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। शनिवार को कॉलोनी की मुख्य सड़क को मजबूत करने, एनपी-2 पाइप लाइन बिछाने और नई सड़क के निर्माण कार्य का मेयर सुमन बहमनी ने पूर्व मंत्री कंवर पाल और पार्षद रीना रस्तोगी की मौजूदगी में शिलान्यास किया। इस विकास कार्य पर नगर निगम की ओर से करीब 49 लाख 05 हजार 520 रुपये खर्च किए जाएंगे।
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि अंबाला रोड से सहगल ट्रेडिंग कंपनी तक सड़क को मैस्टिक एस्फाल्ट से मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा सहगल ट्रेडिंग कंपनी से तरुण इलेक्ट्रिकल तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही एनपी-2 पाइप लाइन बिछाई जाएगी, जिससे क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इस कार्य को पूरा करने की समय सीमा 4 अप्रैल 2027 निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ठेकेदार की ओर से 1095 दिन यानी तीन वर्ष की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि भी रहेगी।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना नगर निगम की प्राथमिकता है। सड़कें और जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जलभराव जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार और तय समय सीमा में पूरा करवाया जाए, ताकि लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
पूर्व मंत्री कंवर पाल ने कहा कि प्रदेश सरकार और नगर निगम शहरों के विकास और लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यमुनानगर-जगाधरी में सड़कों, नालियों और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। द्वारिकापुरी कॉलोनी में सड़क निर्माण और पाइप लाइन बिछने से स्थानीय निवासियों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में जनता की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है और शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद प्रियांक शर्मा, पूर्व पार्षद संजय राणा, कनिष्ठ अभियंता गोपाल सैनी, प्रभा सागर, जेएन कश्यप, जतिन शर्मा, लज्जा राम, कुलदीप वालिया, अशोक मेहंदीरत्ता, प्रांजल रस्तोगी आदि मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन - द्वारिकापूरी कालोनी में सड़क निर्माण का शुभारंभ करती मेयर सुमन बहमनी और अन्य।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Nov 14, 2026