न्यूज़ देशआदेश नवनिर्वाचित प्रधान और समाजसेवी की पहल से संवरने लगी बांगरण गांव की सड़कें और गलियां
न्यूज देशआदेश #फॉलो करें
पांवटा साहिब। फूलपुर पंचायत के अंतर्गत आने वाले बांगरण गांव में वर्षों से बदहाल पड़ी सड़कें और गलियां अब नई तस्वीर पेश करने लगी हैं। नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान गुरजीत कौर और समाजसेवी नरेंद्र कुमार की पहल पर गांव में लंबे समय से चली आ रही जलभराव और कीचड़ की समस्या के समाधान का कार्य शुरू कर दिया गया है।
ग्रामीण बिल्लू, जसप्रीत, राजीव, मनन, परमजीत, सुंदर, राजपाल, हंस चौधरी, डाल सिंह, छज्जू राम, बनवारी, मुकेश पटियाल एवं वार्ड पंच संतोष पटियाल, आदि के अनुसार बरसात के मौसम में गांव की कई सड़कें और गलियां तालाब का रूप ले लेती थीं। जगह-जगह कीचड़ और दलदल होने के कारण स्कूली बच्चों, किसानों, पशुपालकों, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार लोग फिसलकर घायल भी हो जाते थे।
अब पंचायत द्वारा सड़क और गलियों को समतल करने तथा जल निकासी की व्यवस्था सुधारने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और लोगों ने इस पहल के लिए प्रधान गुरजीत कौर एवं समाजसेवी नरेंद्र कुमार का आभार व्यक्त किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय बाद गांव की मूलभूत समस्याओं पर गंभीरता से काम शुरू हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी तरह विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे, जिससे गांव का समग्र विकास सुनिश्चित हो सकेगा।