विद्यार्थियों को दिया साइबर सुरक्षा और महिला/बाल अधिकारों एवं नशे के दुष्प्रभावों की दी जानकारी
पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी श्री लोगेश कुमार पी. (IPS) के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से बचाने, साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एंटी नारकोटिक सेल व दुर्गा शक्ति टीम ने युनिवर्सल मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चिड़िया व CBS सीनियर सेकेंडरी स्कूल मौड़ी का दौरा किया। टीम ने विद्यार्थियों को नशे के गर्त से दूर रहने की नसीहत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवा देश का भविष्य हैं और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर ही वे शिक्षा व खेलों के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य एवं नशे से मुक्ति के लिए जारी की गई 'मानस हेल्पलाइन' के बारे में विस्तार से समझाया गया। टीम ने बताया कि यदि किसी साथी या परिचित को नशे की आदत से बाहर निकालना हो, तो परामर्श और सहायता के लिए मानस हेल्पलाइन का उपयोग कैसे किया जा सकता है। इसके साथ ही, किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना के समय त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त करने हेतु हरियाणा सरकार द्वारा संचालित आपातकालीन सेवा 'डायल 112' के महत्व और उसकी कार्यप्रणाली से छात्रों को भली-भांति अवगत कराया गया।
डिजिटल युग में बढ़ते साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन खतरों को देखते हुए पुलिस टीम ने छात्रों को साइबर क्राइम से बचने के विशेष टिप्स दिए। एएसआई राहुल फौगाट ने बताया कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपने पासवर्ड किसी से साझा न करें और किसी भी प्रकार की वित्तीय या सोशल मीडिया धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
इसके अलावा, महिला एवं बाल सुरक्षा पर जोर देते हुए बच्चों को गुड टच-बैड टच, बाल अधिकारों और महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि डरने या छिपाने के बजाय समय पर पुलिस को सूचित करना ही अपराध पर लगाम लगाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
दोनों विद्यालयों के प्रांगण में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में शिक्षकों और सैकड़ों विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। स्कूल प्रशासन ने चरखी दादरी पुलिस और एसपी लोगेश कुमार पी. (IPS) के इस जनहितकारी एवं प्रेरक प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की। अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और एक जागरूक नागरिक बनकर समाज की रक्षा में योगदान देने का संकल्प लिया।
Uklana, Hissar | Nov 18, 2026