#दानापुर में अग्निवीर जीडी भर्ती में जलजमाव के कारण सड़क पर कराई 1600 मीटर दौड़
दानापुर में मंगलवार को अग्निवीर जीडी पद के लिए सारण जिले के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। चांदमारी स्थित बिहार-झारखंड सेना भर्ती मुख्यालय के नए भवन के पास मैदान में जलजमाव होने के कारण अभ्यर्थियों को सड़क पर जूता पहनाकर 1600 मीटर की दौड़ कराई गई। भर्ती प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भर्ती निदेशक बिंदु अग्रिहोत्री के अनुसार, करीब 750 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें लगभग 550 अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार करीब 85 प्रतिशत अभ्यर्थी अगले चरण के लिए चयनित हुए। अभ्यर्थियों का प्रवेश रात करीब एक बजे से भर्ती स्थल के पिछले गेट से शुरू किया गया। इस दौरान लंबी कतार लगी रही और शैक्षणिक प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई।