#दानापुर में रिटायर्ड कर्मी के घर 10 लाख की चोरी,छत के रास्ते घुसे चोर
दानापुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर मस्जिद इलाके में कोल इंडिया के सेवानिवृत्त कर्मी रहमतुल्लाह खान के घर से चोरों ने करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और खिड़की की ग्रिल काटकर कमरे में पहुंचे। इसके बाद गोदरेज और लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात व अन्य सामान निकाल लिया। चोरों ने दूसरे कमरे और हॉल को भी खंगाला। हॉल में सो रहे गृहस्वामी, उनकी पत्नी और बेटे के पास से तीन मोबाइल फोन भी चोरी कर लिए। पीड़ित ने बताया कि रात करीब ढाई बजे खटखट की आवाज सुनकर गृहस्वामी जागे तो एक युवक को छत के रास्ते भागते देखा। घटना की सूचना डायल-112 और स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।