**2.69 करोड़ से सुधरेंगी शहर की सड़कें, मंत्री सुरेश खन्ना ने किया चार कार्यों का शिलान्यास**
--घंटाघर, लकड़ी मंडी, कटिया टोला और बहादुरगंज की सड़कों का होगा सुदृढ़ीकरण
शाहजहांपुर। शहर की जर्जर सड़कों को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम ने कदम बढ़ाया है। सोमवार को कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने राज्य सेक्टर के अंतर्गत ₹2 करोड़ 69 लाख की लागत से होने वाले चार हॉटमिक्स सड़क सुदृढ़ीकरण कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों से शहर के प्रमुख मार्गों की स्थिति सुधरने और लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। शिलान्यास के तहत घंटाघर से लकड़ी मंडी रोड, कटिया टोला की विभिन्न सड़कें, निशात टॉकीज से घंटाघर रोड तथा बहादुरगंज में जेल रोड से पोस्टमार्टम हाउस होते हुए लोधीपुर पुल के पास तक सड़क सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इस मौके पर नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य अभियंता आशीष त्रिवेदी, नगर निगम के अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे। नगर निगम का कहना है कि इन कार्यों से शहर की सड़क व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
आपका अपना शहर Aapka Apna Shahar