विशेष अभियान अन्तर्गत किया गया स्वच्छता एवं श्रमदान
जिला गंगा समिति शाहजहाँपुर ने चलाया विशेष अभियान
शाहजहांपुर। जिला गंगा समिति शाहजहांपुर के बैनर तले विकास खण्ड पुवायां स्थित गोमती तट पर मस्तान घाट एवं मन्दिर प्रांगण में नमामि गंगे अन्तर्गत विशेष अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लोकभारती महानगर संयोजक आलोक मिश्रा, ग्राम प्रधान संजय त्रिपाठी, अधीर त्रिपाठी सहित अनेकानेक पर्यावरण प्रेमियों, गोमती व भैंसी सेवकों और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मिलकर स्वच्छता एवं श्रमदान किया और घाट परिसर को स्वच्छ बनाया घाट पर फैले कचरे, प्लास्टिक और गंदगी को हटाने के साथ हुई। इसके बाद नदी तट को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से घाट के किनारे छायादार व फलदार वृक्ष रोपित किया और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। जिला परियोजना अधिकारी डा0 विनय कुमार सक्सेना ने गंगा एवं उसकी सहायक नदियों को निर्मल-अविरल बनाने की स्वच्छता शपथ दिलाई गई। सभी ने हाथ उठाकर संकल्प लिया कि वे गंगा नदी को निर्मल और अविरल बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य करेंगे, घाटों पर गंदगी नहीं फैलाएंगे और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। इस अवसर पर ग्राम प्रधान संजय त्रिपाठी ने कहा कि गंगा सिर्फ एक नदी नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और जीवन रेखा है। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे परियोजना को सफल बनाने के लिए जन-सहभागिता सबसे जरूरी है। जब तक आम नागरिक खुद आगे आकर नदियों की सफाई और संरक्षण का बीड़ा नहीं उठाएगा, तब तक यह अभियान अधूरा रहेगा। कार्यक्रम में जिला गंगा समिति के पदाधिकारियों सहित कई पर्यावरण प्रेमी, छात्र और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अंत में सभी ने मस्तान घाट को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम अन्तर्गत विशेष सहयोग लोक भारती, युवक मंगल दल फत्तेपुर बुजुर्ग एवं स्थानीय निवासियों का रहा।