मोकामा के मॉडल स्कूल और कस्तूरबा हॉस्टल में एसडीएम का औचक निरीक्षण: अव्यवस्था पर कार्रवाई
मोकामा (पटना): बाढ़ अनुमंडल अधिकारी (एसडीएम) गरिमा लोहिया ने मोकामा स्थित रामशरण स्मारक रेलवे एडेड उच्च विद्यालय सह सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) तथा कस्तूरबा गांधी गर्ल्स हॉस्टल (टाइप-4) का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम के अचानक पहुंचने से विद्यालय और हॉस्टल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस दौरान प्रखंड शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कक्षाओं, शौचालयों, पेयजल व्यवस्था और शिक्षकों के अटेंडेंस रजिस्टर की गहन जांच की। जांच में विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और पठन-पाठन से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं में कई गंभीर खामियां पाई गईं। लापरवाही उजागर होने पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया।
इसके बाद एसडीएम ने कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का जायजा लिया, जहां छात्राओं ने बदहाली की परतें खोलकर रख दीं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि उनसे हॉस्टल में रोटेशन के आधार पर खाना बनवाया जाता है। विरोध या शिकायत करने पर उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया जाता है। भोजन की गुणवत्ता और सफाई भी अत्यंत दयनीय पाई गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम ने मौके पर ही कार्रवाई की। छात्राओं से जबरन काम कराने और दुर्व्यवहार के आरोप में निजी रसोइया कुमारी रिंकी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया। इसके अलावा, हॉस्टल की वार्डन कुमारी हिना सिंह को शो-कॉज जारी किया गया। वहीं, दिन के समय विद्यालय में मौजूद रहने वाले गार्ड अनिल सिंह से भी लिखित स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए गए।
गरीब परिवारों के बच्चे बेहतर भविष्य और सुरक्षा की आस में इन हॉस्टलों में रहते हैं। ऐसे में भयमुक्त माहौल और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। एसडीएम की इस त्वरित कार्रवाई से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में व्यवस्था सुधार की उम्मीद जगी है।
#Mokama