*राष्ट्र कल्याण की भावना से भीलवाड़ा में पहली बार आज से सप्त दिवसीय विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ*
*छोटी हरणी स्थित हनुमान टेकरी आश्रम में महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सान्निध्य में आयोजन की तैयारियां पूर्ण*
भीलवाड़ा :नीलेश काठेड ( वरिष्ठ पत्रकार) 7 जून पुरूषोत्तम मास के पावन अवसर पर धर्मनगरी भीलवाड़ा शहर में पहली बार सप्त दिवसीय विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ का आयोजन छोटी हरणी स्थित हनुमान टेकरी आश्रम में महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सान्निध्य सोमवार से होगा। इस महायज्ञ का समापन 14 जून को होगा। इस भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। महायज्ञ यज्ञाचार्य श्री शारदा सनातन परमार्थ न्यास के वेदाचार्य पंडित मुकेश शास्त्री होंगे। महायज्ञ के साथ इस अवधि में वृन्दावन के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा प्रतिदिन रात 8 बजे से भक्तिपूर्ण रासलीला का भी आयोजन आश्रम परिसर में होगा। महायज्ञ के लिए आश्रम परिसर में 11 कुण्डीय विशाल यज्ञ मण्डप तैयार किया गया है जिसमें प्रतिदिन सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक एक साथ 44 जजमान आहुति दे सकेंगे। महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के अनुसार पुरूषोत्तम मास के पावन अवसर पर भगवान श्री हरि माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने हेतु होने वाले विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ में 111 कलशों को लक्ष्मी स्रोत से सिद्ध किया जाएगा। महायज्ञ की पूर्णाहुति होने के बाद यजमानों को लक्ष्मी कलश प्रदान किए जाएंगे। विशेष औषधियों से हवन दसविद् लक्ष्मी प्राप्ति,ऋण मुक्ति, रोग नाश ओर राष्ट्र कल्याणार्थ के लिए इस महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। महायज्ञ के शुभारंभ पर पहले दिन सोमवार सुबह 8 बजे श्री चारभुजानाथ मंदिर छोटी हरणी से यज्ञ मण्डप तक कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद यज्ञ मण्डप प्रवेश, देवता स्थापना पूजन, अग्नि मंथन होकर यज्ञ प्रारंभ होगा। महायज्ञ के तहत 9 जून मंगलवार को गुड, केसर, अनार, हरिद्रा अनके प्रकार के द्रव्यों से हवन किया जाएगा। महायज्ञ की पूर्णाहुति 14 जून को अभिजीत मुर्हुत में होगी। आरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा ने बताया कि समाज के सभी वर्गो की सहभागिता से हो रहे इस आयोजन को सफल बनाने में छोटी हरणी के ग्रामवासियों का भी पूरा सहयोग मिल रहा हैै।
Bhilwara, Bhilwara | Jun 7, 2026