पीढ़ियों का संगमः बुजुर्गों ने बच्चों के साथ साझा किये जीवन के अनुभव
वृद्धाश्रम में इंटर-जनरेशन बॉन्डिंग कार्यक्रम आयोजित
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत बुधवार को पाली रोड स्थित प्रेरणा वृद्धाश्रम में इंटर-जनरेशन बॉन्डिंग कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय विभाग की उपसंचालक श्रीमती शशि किरण एक्का, जिला पंचायत से श्रीमती सारिका पाटीदार, समाजसेवी श्री ओ.पी. सिकरवार, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री ओमवीर रघुवंशी, वृद्धाश्रम के संचालक श्री धर्मेंद्र शर्मा, श्री मनोज वैष्णव एवं फ्यूचर स्टार स्कूल के बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बुजुर्गो के फूल-मालाओं से सम्मान के साथ हुई। इस अवसर पर उपसंचालक श्रीमती शशि किरण एक्का ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की धरोहर हैं। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सेवा की भावना बढती है।
जिला पंचायत की परियोजना अधिकारी श्रीमती सारिका पाटीदार ने कहा कि जब बच्चे बुजुर्गों के साथ बैठते हैं तो उन्हें किताबों से ज्यादा जीवन का ज्ञान मिलता है। समाजसेवी श्री ओ.पी. सिकरवार ने कहा, बुजुर्गों का अकेलापन दूर करने का सबसे अच्छा उपाय है, उन्हें बच्चों के साथ जोड़ना। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री ओमवीर रघुवंशी ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है।
बुजुर्गो द्वारा इस दौरान बच्चों को कहानियां सुनाई गई और अपने जीवन के अनुभवों को बच्चों के साथ साझा किया। बुजुर्गो द्वारा बच्चों को संस्कार, सामाजिक दायित्व और अनुशासन का पाठ पढाते हुए सदविचार को सदव्यवहार के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरणा दी गई। इस अवसर पर बच्चों ने भी अपनी पढ़ाई और सपनों के बारे में बताया।
खेल एवं मनोरंजन गतिविधियों के तहत बच्चों और बुजुर्गों ने मिलकर कैरम, लूडो, सांप-सीढ़ी आदि खेल खेले तथा रामायण, प्राचीन ग्रंथों एवं जनरल नॉलेज पर आधारित क्विज प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में वृद्धजनों और बच्चों ने मिलकर वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही बच्चों को अपने वृद्धजनों के सम्मान और अपने बुजुर्गो की देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया गया।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Nov 18, 2026