भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी ने जिला अस्पताल के चतुर्थ तल के सभी वार्डों को लिया गोद
कलेक्टर श्री मृणाल मीना के मार्गदर्शन में वार्ड एडॉप्शन कार्यक्रम संपन्न
वार्डों में बेडशीट, तकिया कवर, डस्टबिन एवं साफ-सफाई सामग्री उपलब्ध कराई, एनआरसी वार्ड में लगवाया एसी
-------
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, छतरपुर द्वारा 12 अक्टूबर को जिला अस्पताल छतरपुर के चतुर्थ तल पर स्थित सभी वार्डों को गोद लेने के लिए वार्ड एडॉप्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री मृणाल मीना के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल के तहत अस्पताल के वार्डों में मरीजों की सुविधा, स्वच्छता एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा छत्रसाल विश्वविद्यालय के कुलगुरु श्री राकेश सिंह के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा वार्डों में बेडशीट, तकिया कवर, डस्टबिन, साफ-सफाई के साधन एवं पोषक आहार उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही एनआरसी वार्ड में एयर कंडीशनर (एसी) भी लगवाया गया। डॉ. सुनील अग्रवाल के नेतृत्व में वार्डों में बेडशीट सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव श्री अनिरुद्ध सिंह ने भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए यथासंभव पूर्ण सहयोग प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया। वार्ड एडॉप्शन कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना है।
Jansampark Madhya Pradesh Public Health & Medical Education Dept, MP #chhatarpur