स्पीति के भ्रमण पर आए युवा प्रतिभागियों ने पारंपरिक बौद्ध मठ काज़ा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में लिया भाग
Kullu Times
विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम–2026 के अंतर्गत देश के विभिन्न राज्यों से जिला किन्नौर और लाहौल स्पीति के भ्रमण पर आए युवा प्रतिभागियों ने गत दिन भ्रमण का शुभारंभ काजा खास स्थित पारंपरिक बौद्ध मठ काज़ा (मोनास्ट्री) में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। काज़ा के भव्य एवं सुंदर पर्वत श्रृंखलाओं के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वास्थ्य, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर नागालैंड, केरल एवं गुजरात से आए युवा प्रतिभागियों ने माई भारत के अधिकारियों, स्वयंसेवकों, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों तथा काजा के स्थानीय नागरिकों के साथ योगाभ्यास में भाग लिया। कार्यक्रम में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम में ध्रुव डोगरा, राज्य निदेशक, माई भारत हिमाचल प्रदेश, शुभम चंद्र, जिला युवा अधिकारी किन्नौर, बी. एस. गिल, जिला युवा अधिकारी, सोलन, राहुल गर्ग, जिला युवा अधिकारी चंबा, केतन सिंगला, जिला युवा अधिकारी शिलांग तथा 17वीं बटालियन आइटीबीपी के निरीक्षक सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने योग को भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती एवं जनजातीय क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रीय चेतना को बढ़ावा मिलता है, जो विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के उद्देश्यों के अनुरूप है।
हिमालय की गोद में स्थित मठ के शांत एवं मनोहारी वातावरण ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। प्रतिभागियों ने विभिन्न योग आसनों का अभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम–2026 के का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती गांवों में युवा सशक्तिकरण, सामुदायिक विकास, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा समावेशी विकास को बढ़ावा देना है।
Kullu, Kullu | Jun 22, 2026