➡️ किसानों की उपज के सुरक्षित भंडारण और समय पर भुगतान व्यवस्था को बनाया जाएगा और बेहतर
➡️ आधुनिक तकनीक और नवाचार से बदलेगा वेयरहाउसिंग कारपोरेशन का स्वरूप - श्री नगायच
मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कारपोरेशन के अध्यक्ष श्री संजय नगायच ने कहा है कि प्रदेश में किसानों की उपज के सुरक्षित भंडारण, खाद्यान्न की गुणवत्ता बनाए रखने तथा गरीबों तक खाद्यान्न समय पर पहुंचाने की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जाएगा। इसी उद्देश्य से वे प्रदेश के विभिन्न संभागों में समीक्षा बैठकें कर वेयरहाउसों का निरीक्षण कर रहे हैं और अधिकारियों-कर्मचारियों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे हैं।
श्री नगायच ने चर्चा करते हुए बताया कि उनका मुख्य फोकस दो प्रमुख विषयों पर है। पहला, वेयरहाउसों का नियमित निरीक्षण कर वहां सामने आने वाली कमियों को दूर करना और दूसरा, कारपोरेशन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, अनुशासन तथा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है। पूर्व में पन्ना जिले में भी उन्होंने वेयरहाउसों के निरीक्षण और नियमों के समान रूप से पालन पर जोर दिया था।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कारपोरेशन की कार्यप्रणाली में नवाचार और पारदर्शिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। गेहूं, चना, धान, मूंग सहित किसानों की विभिन्न उपज का बड़े स्तर पर भंडारण वेयरहाउसिंग कारपोरेशन द्वारा किया जाता है। भंडारित खाद्यान्न का एक बड़ा हिस्सा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है। ऐसे में खाद्यान्न की सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करना कारपोरेशन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
श्री नगायच ने बताया कि आने वाले समय में वेयरहाउसिंग कारपोरेशन को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में कार्य किया जाएगा। वेयरहाउस परिसरों में सोलर लाइट, ई-वेयरहाउसिंग तथा ई-कॉमर्स गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर कार्य किया जा रहा है। शहरी क्षेत्रों में स्थित वेयरहाउसों को बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों से जोड़ने तथा कारपोरेशन की उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। वेयरहाउसों के आसपास फ्रूट फॉरेस्ट अथवा अन्य उपयोगी गतिविधियां विकसित करने की संभावनाएं भी देखी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कारपोरेशन प्रदेश में नए और आधुनिक स्वरूप में दिखाई देगा। किसानों को वेयरहाउस से संबंधित किसी भी समस्या के निराकरण के लिए निर्धारित विभागीय माध्यमों के साथ-साथ सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों के माध्यम से भी अपनी समस्या और सुझाव साझा करने की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar
Sagar, Madhya Pradesh | Aug 23, 2026