छात्र हितों की मांगों को लेकर ABVP रामपुर ने चौधरी अड्डे पर किया धरना प्रदर्शन
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रामपुर इकाई द्वारा आज रामपुर चौधरी अड्डे पर छात्र हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान परिषद ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा की गई फीस वृद्धि, छात्र संघ चुनाव बहाली तथा रामपुर बस स्टैंड से रामपुर महाविद्यालय तक फुटपाथ निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया।
विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक रवि वर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा इस शैक्षणिक सत्र में फीस में लगभग 25 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि फीस वृद्धि का सीधा असर सामान्य एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। परिषद विश्वविद्यालय प्रशासन से इस फीस वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग करती है।
उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव की बहाली भी विद्यार्थियों की प्रमुख मांग है। वर्ष 2013 में छात्र संघ चुनाव बंद किए जाने से विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हुए हैं। विद्यार्थी परिषद लंबे समय से छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग उठा रही है।
रवि वर्मा ने कहा कि रामपुर बस स्टैंड से रामपुर महाविद्यालय तक फुटपाथ निर्माण की मांग को लेकर विद्यार्थी परिषद पिछले तीन वर्षों से लगातार संघर्ष कर रही है। इस संबंध में प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को कई बार ज्ञापन सौंपे गए और धरना-प्रदर्शन भी किए गए, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी पैदल आवागमन करते हैं, इसलिए फुटपाथ का निर्माण विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विद्यार्थी परिषद की मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो परिषद आंदोलन को और तेज करेगी। आवश्यकता पड़ने पर रामपुर में चक्का जाम जैसे उग्र लोकतांत्रिक आंदोलन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और प्रशासन की होगी।
विद्यार्थी परिषद ने प्रदेश सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि फीस वृद्धि तत्काल वापस ली जाए, छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं तथा रामपुर महाविद्यालय तक फुटपाथ निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू किया जाए।
Rampur, Shimla | Aug 21, 2026