सुभाष चंद्र बोस पार्क में चला विशेष स्वच्छता अभियान, कचरा व खरपतवार हटाकर संवारा परिसर
सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान के तहत सुभाष चंद्र बोस में चलाया स्वच्छता अभियान
यमुनानगर। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान के तहत वार्ड नंबर 21 स्थित सुभाष चंद्र बोस पार्क में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मेयर सुमन बहमनी और नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य पार्क को स्वच्छ, सुंदर और नागरिकों के लिए सुरक्षित बनाना रहा।
अभियान के दौरान सफाई मित्रों ने पार्क परिसर में फैले कचरे को एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया। इसके साथ ही पार्क के फुटपाथों पर उगी घास और खरपतवार को हटाकर मार्गों को साफ किया गया, ताकि सुबह-शाम टहलने और व्यायाम के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पार्क की साफ-सफाई से परिसर का वातावरण भी अधिक स्वच्छ और आकर्षक दिखाई दिया।
अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने बताया कि मानसून के मौसम में नियमित सफाई और स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इससे गंदगी के कारण फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के साथ-साथ नागरिकों को स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
अभियान के दौरान वार्ड पार्षद मंजीत कौर और प्रतिनिधि मदन लाल ने भी सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर नगर निगम की टीम के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के आईईसी विशेषज्ञ आकाश कुमार एवं गगन कुमार, नगर निगम के सुपरवाइजर अमित कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो पार्क की सफाई करते निगम कर्मी।