#गहमर पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोपी पति को किया गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त पत्थर और कपड़े बरामद
गाजीपुर। गहमर थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में वांछित आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और वारदात में इस्तेमाल की गई साइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को तसौव्वर अंसारी निवासी अमौरा, थाना दिलदारनगर ने गहमर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी 35 वर्षीय पुत्री रिजवाना की उसके पति अयूब अंसारी निवासी सोनपा, थाना राजपुर, जिला बक्सर (बिहार) ने 11 नवंबर को हत्या कर दी थी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 247/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अयूब अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
इसी क्रम में 14 नवंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक गहमर ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर बरेजी चौराहे से सुबह 11:10 बजे आरोपी अयूब अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया पत्थर, वारदात के समय पहने गए पैंट, शर्ट, गमछा और झोला बरामद किया गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Sevrai, Ghazipur | Nov 14, 2026