सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, पार्षद के खिलाफ मेयर से शिकायत
सड़क बनवाने के नाम पर कमीशन मांगने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
बरेली। वार्ड-64 सिकलापुर के बूथ अध्यक्ष राजेंद्र कुमार उर्फ राजू शर्मा ने क्षेत्रीय निर्दलीय पार्षद जयप्रकाश पर गंभीर आरोप लगाते हुए नगर निगम के मेयर उमेश गौतम को शिकायती पत्र सौंपा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र में सीवर लाइन का कार्य पूरा होने के बावजूद सड़क निर्माण नहीं कराया गया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राजेंद्र शर्मा का आरोप है कि सड़क निर्माण कराने के नाम पर कमीशन की मांग की जा रही है और आम जनता की समस्याओं को अनदेखा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पार्षद जयप्रकाश से उन्हें जान का खतरा है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
मेयर को दिए गए प्रार्थना पत्र में सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराकर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने की भी मांग की गई है। वहीं मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
#वायरलनयूज़ #BAREILLYNEWS #जिलाधिकारी #मुख्यमंत्रीयोगीआदित्यनाथ