#सिकन्दरपुर में रावण दहन पर भाजपा के दो खेमे आमने-सामने
#समर्थकों में जमकर नारेबाजी और धक्का-मुक्की
#डॉ. #विजय #रंजन और पूर्व विधायक संजय यादव के समर्थकों के बीच भिड़ंत से गरमाया माहौल, भारी पुलिस बल ने संभाला मोर्चा
सिकन्दरपुर, बलिया। विजयदशमी के अवसर पर सिकन्दरपुर में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान भाजपा के दो नेताओं के समर्थक आमने-सामने आ गए। भाजपा नेता डॉ. विजय रंजन और भाजपा के पूर्व विधायक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव के समर्थकों के बीच वर्चस्व को लेकर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे कार्यक्रम स्थल पर माहौल गरमा गया।
अचानक पैदा हुए तनाव के बीच मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस की सक्रियता से स्थिति को नियंत्रित किया गया और कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। अंततः पूर्व विधायक संजय यादव ने रावण के पुतले का दहन किया।
एक ही पार्टी के दो नेता, समर्थकों की भिड़ंत और वर्चस्व की चर्चा!
विजयदशमी पर बुराई पर अच्छाई की जीत के संदेश के बीच भाजपा के ही दो नेताओं के समर्थकों के आमने-सामने आने की घटना चर्चा का विषय बन गई। दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी और धक्का-मुक्की ने स्थानीय राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर एक ही पार्टी के दो नेताओं के समर्थकों के बीच ऐसी स्थिति क्यों पैदा हुई?
फिलहाल, इस घटनाक्रम ने सिकन्दरपुर की स्थानीय राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। दोनों पक्षों के बीच विवाद की वास्तविक वजह को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है।