कलेक्टर व एसपी ने किया बाढ़ संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, राहत-बचाव तैयारियों का लिया जायजा
अटेर। आगामी मानसून एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर भिण्ड और पुलिस अधीक्षक भिण्ड श्री सूरज कुमार वर्मा ने गुरुवार को अटेर क्षेत्र के चिन्हित बाढ़ संभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसडीएम अटेर, एसडीओपी अटेर, आपदा प्रबंधन एवं राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील एवं बाढ़ प्रभावित होने वाले क्षेत्रों का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि जन-धन की हानि को रोका जा सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सूरज कुमार वर्मा ने थाना अटेर का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर एवं एसपी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए थाना परिसर अटेर में पौधारोपण भी किया।
Gormi, Bhind | Jun 12, 2026