*गंदगी में डूबे शंकर बाजार के वार्ड 23 व 25, नालियों की सफाई पर उठे सवाल, बारिश में जलभराव का खतरा*
रिपोर्ट अर्जुन कश्यप ✍️
चित्रकूट। नगर पालिका परिषद कर्वी के शंकर बाजार स्थित गोकुलपुरी क्षेत्र के वार्ड संख्या 23 एवं 25 में नालियों की सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से कई नालियां गाद और कचरे से पटी हुई हैं, जिससे बदबू फैल रही है और आसपास का वातावरण अस्वच्छ बना हुआ है।
बरसात के बीच नालियों की सफाई न होने से जलनिकासी प्रभावित होने की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि तत्काल सफाई नहीं कराई गई तो मामूली बारिश भी पूरे क्षेत्र में जलभराव की समस्या पैदा कर सकती है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि जब स्वच्छता अभियान और बेहतर नागरिक सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, तब जमीनी स्तर पर ऐसी स्थिति कई सवाल खड़े करती है।स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाकर नालियों की सफाई कराने, नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बरसात के दौरान आमजन को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।