एक ही रात में पांच ट्रांसफार्मर चोरी, पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर उठे सवाल
टिकारी/पंचानपुर। पंचानपुर थाना क्षेत्र से महज करीब 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सहवाजपुर और सवासिन समेत अलग-अलग गांवों से एक ही रात में पांच बिजली ट्रांसफार्मरों की चोरी होने की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। लगातार हुई इन चोरियों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देना बिना किसी बाधा के संभव होना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक की ओर इशारा करता है। लोगों का आरोप है कि यदि क्षेत्र में प्रभावी पुलिस गश्त होती, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था।
ट्रांसफार्मर चोरी से कई गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है, जिससे किसानों, छात्रों और आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।