अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज: खंड स्तर पर सामूहिक योग रिहर्सल का हुआ भव्य आयोजन - खंड शिक्षा अधिकारी अशोक धीमान
छछरौली खंड शिक्षा अधिकारी अशोक धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को व्यापक और सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी कड़ी में आज पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छछरौली के प्रांगण व अनाज मंडी प्रतापनगर में उपमंडल अधिकारी (ना.) जसपाल सिंह गिल के मार्गदर्शन, निर्देशों एवं संरक्षण में खंड (ब्लॉक) स्तरीय सामूहिक योग रिहर्सल का आयोजन किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी अशोक धीमान ने बताया कि इस रिहर्सल का मुख्य उद्देश्य आमजन को योग के प्रति जागरूक करना और मुख्य कार्यक्रम के लिए प्रोटोकॉल के अनुसार अभ्यास सुनिश्चित करना था। रिहर्सल कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे हुई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में विद्यालयों के प्रतिनिधियों एवं शिक्षकों के साथ-साथ ब्रिजपाल (DP), धर्मवीर(PTI), प्रधानाचार्य श्रीमती केला देवी , श्रीमती उषा रानी तथा श्री शिव चरण की विशेष उपस्थिति रही। वहीं आयुष विभाग की ओर से डॉ. मनीष वर्मा ने भी सहभागिता करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
पतंजलि योग प्रशिक्षकों की देखरेख में आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित 'सामान्य योग प्रोटोकॉल' का पालन किया गया। इस दौरान देवेन्द्र कुमार, पूजा, कमलजीत एवं गोविन्द सैनी ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास करवाया। इसके तहत शिथिलीकरण अभ्यास, विभिन्न योगासन (जैसे- ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन), प्राणायाम (कपालभाति, अनुलोम-विलोम) और ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया गया। योग विशेषज्ञों ने उपस्थित जनसमूह को प्रत्येक आसन के महत्व और उससे स्वास्थ्य को होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में योग करने पहुंचे भाजपा जिला मीडिया प्रमुख कपिल मनीष गर्ग ने कहा कि योग हमारी प्राचीन और अनमोल संस्कृति का हिस्सा है, जो तन और मन दोनों को स्वस्थ रखता है। खंड स्तर पर इस तरह के रिहर्सल का उद्देश्य 21 जून को होने वाले मुख्य समारोह में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि योग केवल एक दिन का आयोजन न रहकर लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बने।