#देवरिया: डीएम ने 75 अधिकारियों से कराई 153 परिषदीय विद्यालयों की जांच, शिक्षा की गुणवत्ता पर फोकस
#देवरिया, 6 जुलाई।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान बड़ा कदम उठाते हुए विकास खंड देवरिया सदर के 153 बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों का एक साथ निरीक्षण कराया। इसके लिए जनपद और ब्लॉक स्तर के करीब 75 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई, जिन्हें दो-दो विद्यालयों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निरीक्षण केवल कमियां तलाशने के लिए नहीं, बल्कि शिक्षकों का उत्साह बढ़ाने, उनमें सकारात्मक सोच विकसित करने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से किया जाए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में भौतिक सुविधाएं, पठन-पाठन की गुणवत्ता, छात्रों का अधिगम स्तर, निपुण भारत मिशन की प्रगति, पाठ्यपुस्तक वितरण, मध्यान्ह भोजन, डिजिटल उपस्थिति, बिजली व्यवस्था और ऑपरेशन कायाकल्प के कार्यों की जांच की गई।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अगले दिन निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार विस्तृत निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि कमियों को दूर कर विद्यालयों को और बेहतर बनाया जा सके।
डीएम ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों का अधिकार है और शिक्षक समय से विद्यालय पहुंचकर बेहतर शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से जनपद को शिक्षा के क्षेत्र में निपुण बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
DM Deoria