विश्व मधुमेह दिवस पर स्वास्थ्य विभाग चम्बा ने लगाया जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर
मधुमेह और उच्च रक्तचाप से बचाव के लिए नियमित जांच व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
चम्बा, 17 नवंबर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग चम्बा की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी गैर-संचारी बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ इनकी समय रहते पहचान और रोकथाम सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा डॉ. जालम भारद्वाज ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिले में संचालित गतिविधियों, वर्तमान आंकड़ों तथा मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की रोकथाम और नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, असंतुलित खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और तनाव के कारण गैर-संचारी रोगों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ नियमित स्वास्थ्य जांच करवाना बेहद जरूरी है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित रूप से ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच करवाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मधुमेह और उच्च रक्तचाप के शुरुआती लक्षण कई बार स्पष्ट नहीं होते, इसलिए समय-समय पर जांच करवाकर इन बीमारियों की पहचान की जा सकती है और गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं से बचा जा सकता है।
शिविर के दौरान विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के ब्लड प्रेशर तथा ब्लड शुगर की जांच की गई। साथ ही लोगों को संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने तथा तंबाकू एवं अन्य हानिकारक आदतों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
अंत में स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की कि वे मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप को हल्के में न लें, नियमित स्वास्थ्य जांच करवाएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर इन बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक बनें।
TRIBAL LIVE NEWS
The Voice of Tribal
Chamba, Chamba | Nov 17, 2026