🔴 उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य' योजना के तहत मधेपुरा में मॉडल विद्यालय का शुभारंभ। स्थानीय रासबिहारी उच्च माध्यमिक विद्यालय को विकसित किया जाएगा आधुनिक आदर्श विद्यालय के रूप में।
बिहार सरकार के सात निश्चय–3 (2025–30) के अंतर्गत संचालित 'उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य' योजना के तहत राज्य के प्रत्येक प्रखंड में एक उच्च माध्यमिक विद्यालय को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी पहल का शुभारंभ आज दिनांक 19 जुलाई, 2026 को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय, बेगूसराय से राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से किया गया।
इसी क्रम में मधेपुरा जिले के स्थानीय रासबिहारी उच्च माध्यमिक विद्यालय में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मधेपुरा विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक प्रो. चंद्रशेखर एवं सिंघेश्वर विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री रमेश ऋषिदेव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक रंजन, उप विकास आयुक्त, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, जिले के अन्य वरीय प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएँ तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बताया गया कि 'उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य' योजना के अंतर्गत चयनित विद्यालयों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाएँ, अत्याधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएँ, समृद्ध पुस्तकालय, खेल सुविधाएँ तथा अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाएँ विकसित की जाएँगी, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा का बेहतर वातावरण अपने ही प्रखंड में उपलब्ध हो सके।
Ghailarh, Madhepura | Jul 19, 2026