#भरतपुर। बयाना कस्बा सहित पूरे उपखंड क्षेत्र में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 'योगा फॉर हेल्दी एजिंग' थीम के तहत उत्साहपूर्वक मनाया गया। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित ब्लॉक स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में स्थानीय विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और अधिकारियों, कर्मचारियों व आमजन के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में नगरपालिका ईओ वैशाली धाकड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस अवसर पर विधायक डॉ. बनावत ने योग को भारत की प्राचीन स्वास्थ्य धरोहर बताते हुए इसे तनावमुक्त व संतुलित जीवन के लिए दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने सभी को मतदाता जागरूकता और नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। आयुर्वेद विभाग के नोडल प्रभारी डॉ. नरेश तंवर की देखरेख में पतंजलि योग समिति के प्रशिक्षकों ने सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, भस्त्रिका, मकरासन और अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। मुख्य कार्यक्रम के अलावा कस्बे के कुंडा तिराहा स्थित ब्रह्मचारी बगीची, हरनगर के पुष्पांजलि विद्यापीठ स्कूल में भाजपा ग्रामीण मंडल द्वारा, तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंघाड़ा में भी बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नियमित योग अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली का संकल्प लिया।