बीच सड़क पर कीचड़ में पुलिस और युवक के बीच उठम-पटकी, वर्दी फाड़ी, बांधकर ले गयी पुलिस, वीडियो वायरल।
बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में डायल 112 की पुलिस और एक युवक के बीच सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। युवक को पकड़ने गई पुलिस से युवक उलझ गया, हाथापाई में पुलिसकर्मी की वर्दी फट गई, जिसके बाद पुलिस को उसे रस्सी से बांधकर थाने ले जाना पड़ा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
*छेड़खानी की शिकायत पर पहुंची थी पुलिस:*
घटना मोहिउद्दीननगर हाई स्कूल के पास NH-122B किनारे पुराने टाटा स्टैंड के समीप की है। बताया जाता है कि मोहिउद्दीननगर बाजार निवासी गोलू कुमार के खिलाफ एक महिला ने छेड़खानी की शिकायत डायल 112 पर की थी। शिकायत पर टीम प्रभारी राजू यादव के नेतृत्व में टीम उसे पकड़ने पहुंची थी।
पुलिस ने जब उसे गाड़ी में बैठाने की कोशिश की तो युवक ने विरोध शुरू कर दिया और भागने लगा। रोकने पर दोनों पक्षों में कीचड़ भरी सड़क पर ही उठा-पटक और खींचतान शुरू हो गई।
सड़क पर अफरातफरी मच गई और भीड़ जमा हो गई। इसी बीच युवक ने एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी। बाद में मोहिउद्दीननगर थाने से अतिरिक्त बल बुलाया गया और युवक को काबू कर हिरासत में लिया गया। युवक के नशे में होने की भी चर्चा है।
थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि छेड़खानी की शिकायत पर पुलिस गई थी, वहां हुई घटना की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Rafiganj, Aurangabad | Oct 7, 2026