गिरिडीह शहर के पटेल नगर के समीप मुख्य सड़क पर जलजमाव और सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। खराब सड़क और पानी भरे गड्ढों के बीच एक टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया। राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
पटेल नगर के पास मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलजमाव और जर्जर सड़क के कारण लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे और पानी के बीच से गुजर रहा एक टोटो संतुलन खो बैठा और पलट गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आपसी सहयोग से पलटे हुए टोटो को सीधा किया। घटना में कोई गंभीर हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर सड़क की बदहाल स्थिति और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Giridih, Giridih | Jul 30, 2026