धरोहर गांव प्रागपुर में इतिहास रचा गया, पहले एसडीएम निशांत कुमार ने संभाला कार्यभार
प्रागपुर ।। News123 ।। धरोहर गांव प्रागपुर के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब नवगठित उपमंडल के पहले एसडीएम निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। वर्षों से क्षेत्रवासियों की मांग के बाद प्रागपुर में एसडीएम कार्यालय शुरू होने से जसवां-प्रागपुर क्षेत्र को अपनी अलग प्रशासनिक पहचान मिली है। स्थानीय लोगों ने इसे विकास और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यभार संभालने के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं जसवां-प्रागपुर के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ठाकुर सुरिंदर मनकोटिया की अगुवाई में स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नए एसडीएम का भव्य स्वागत किया। पुष्पगुच्छ और फूल मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया तथा क्षेत्र के विकास एवं जनहित के कार्यों में सहयोग का भरोसा जताया गया।
ठाकुर सुरिंदर मनकोटिया ने कहा कि प्रागपुर के प्रथम एसडीएम के रूप में निशांत कुमार का कार्यभार ग्रहण करना पूरे जसवां-प्रागपुर के लिए गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक कार्यालय का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के लंबे संघर्ष और वर्षों पुराने सपने के साकार होने का ऐतिहासिक क्षण है। अब लोगों को राजस्व, प्रमाण पत्र, भूमि विवाद और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज़ के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।इस अवसर पर तहसीलदार प्रागपुर हिमानी शर्मा तथा नायब तहसीलदार बलविंदर सिंह ने भी अपने उच्च अधिकारी का फूल मालाओं से स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। दोनों अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नए उपमंडल कार्यालय के माध्यम से राजस्व और प्रशासनिक कार्यों में और अधिक गति आएगी तथा लोगों को समय पर सेवाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रमुख रूप से शिशर शर्मा, सुरिंदर कुमार अभिलाषा शर्मा प्रधान प्रागपुर मुल्तान सिंह, मीतू ठाकुर , पाली , सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने प्रागपुर को उपमंडल का दर्जा मिलने और पहले एसडीएम के कार्यभार ग्रहण करने पर एक-दूसरे को बधाई दी।
धरोहर गांव प्रागपुर के इतिहास में यह दिन एक मील का पत्थर माना जाएगा। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि एसडीएम कार्यालय के संचालन से प्रशासनिक सेवाएं अधिक सुलभ होंगी, विकास कार्यों में तेजी आएगी और जसवां-प्रागपुर के लोगों को अपने ही क्षेत्र में प्रभावी एवं समयबद्ध सरकारी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।