वायरल वीडियो के बाद पुलिस कर्मचारी पर कार्रवाई, पुलिस लाइन भेजा
देहरा ।। News123 ।। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का पुलिस जिला देहरा एस पी संदीप धवल ने संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस कर्मचारी के खिलाफ प्रारंभिक कार्रवाई की है। वीडियो में पुलिस कर्मचारी यातायात जांच के दौरान कार सवार व्यक्तियों से बातचीत करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में कर्मचारी के व्यवहार से प्रथम दृष्टया अनुचित मांग किए जाने का आभास होने तथा उसका आचरण अमर्यादित प्रतीत होने की बात सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पुलिस जिला देहरा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारी को प्रथम दृष्टया अमर्यादित आचरण के चलते तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेज दिया है।
वहीं, प्रकरण की निष्पक्ष जांच और आगामी आवश्यक कार्रवाई के लिए एसडीपीओ डाडासीवा को जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार मामले की जांच नियमानुसार की जा रही है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान प्रत्येक पुलिस कर्मचारी से आमजन के साथ शालीन, मर्यादित और सम्मानजनक व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। विभाग ने कहा कि अनुशासनहीनता अथवा ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार के अनुचित आचरण को गंभीरता से लिया जाता है।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान यदि आरोपों से जुड़े तथ्य प्रमाणित होते हैं तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस टैग लाइन से वीडियो की गई थी पोस्ट
“A uniform comes with responsibility, not a license to demand money. 🚔💯 Hope the authorities take note and keep the system clean.” #himachalpradeshpolice #himachalpradesh #police #takeaction #ankitonthego