आज जिला पदाधिकारी, बाँका की अध्यक्षता में जिले की पंचायतों में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी प्रखंडों में पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति, वित्तीय व्यय तथा लंबित कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में पंचायत सरकार भवनों की स्थिति, उनके क्रियाशीलता, विद्युत कनेक्शन, बायोमेट्रिक व्यवस्था, फ्लैक्स एवं दीवार लेखन, पंचायत संबंधी कार्यों के संचालन, लोक सेवा केंद्र, जीविका कार्य, डाकघर, सुधा केंद्र, पुस्तकालय तथा आमजनों की पहुंच आदि बिंदुओं की समीक्षा की गई। उपलब्ध प्रतिवेदन के अनुसार जिले में कुल 25 निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन हैं 30 अक्टूबर तक पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित है।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की भी प्रगति की समीक्षा की गई। विभिन्न प्रखंडों में सोलर स्ट्रीट लाइट के अधिष्ठापन एवं क्रियाशीलता की स्थिति की जानकारी ली गई तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप, मोक्षधाम एवं अन्य पंचायत स्तरीय योजनाओं हेतु भूमि की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने एवं लंबित प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
वित्तीय प्रगति की समीक्षा
बैठक में 15वीं एवं षष्ठम राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत पंचायत समितियों एवं ग्राम पंचायतों में प्राप्त राशि के विरुद्ध किए गए व्यय की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कम व्यय वाले पंचायतों/पंचायत समितियों को चिन्हित कर उपलब्ध राशि का नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यों में शीघ्र उपयोग करने पर निर्देश दिया गया।
ग्राम पंचायत स्तर पर 15वीं वित्त आयोग के अंतर्गत कुल प्राप्त राशि में से 21.09.2026 तक लगभग 51 प्रतिशत व्यय दर्ज किया गया है। वहीं पंचायत समिति स्तर पर भी व्यय की प्रगति की समीक्षा की गई और कम प्रगति वाले क्षेत्रों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
स्वच्छता एवं ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन
बैठक में WPU (Waste Processing Unit) की प्रगति, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, ग्राम पंचायतों में SWM Rules से संबंधित कार्रवाई तथा स्वच्छता से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। उपलब्ध प्रतिवेदन के अनुसार बाराहाट एवं शंभूगंज प्रखंड में कुछ WPU कार्यों में शेष कार्य लंबित हैं, जिन्हें शीघ्र पूर्ण कराने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायतों में सोख्ता निर्माण की भी समीक्षा की गई। जिले में कुल 455 लक्षित सोख्तों में से 169 का निर्माण 22.09.2026 तक पूर्ण किया गया है। शेष लंबित कार्यों को अभियान चलाकर पूरा कराने का निर्देश दिया गया।
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत IHHL व्यय तथा स्वच्छता से संबंधित चिन्हित स्थलों की सफाई की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिले में स्वच्छता हेतु चिन्हित कुल 5598 स्थलों में से 4536 स्थलों की सफाई की प्रविष्टि की जा चुकी है।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं, योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करें तथा योजनाओं में उपलब्ध राशि का नियमानुसार एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी क्रियाशील पंचायत सरकार भवनों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पंचायत स्तरीय कर्मियों की उपस्थिति रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित करने हेतु पंचायत सरकार भवनों में रोस्टर का दीवार लेखन कराने का निर्देश दिया गया।
15वीं एवं छठी वित्त आयोग की राशि के व्यय की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्ययोजना तैयार करने तथा नियमानुसार उपलब्ध राशि का समयबद्ध व्यय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सेवा संकल्प एवं कायाकल्प के तहत अधिक से अधिक भवनों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आवश्यकतानुसार उनका जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कर सरकारी भवनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में पंचायतों में संचालित योजनाओं की नियमित निगरानी, कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध निष्पादन तथा आमजनों को योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
Banka, Bihar | Sep 28, 2026